उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 27 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में राज्य के विकास, स्वास्थ्य, पशुपालन और स्टार्टअप नीति से जुड़े कई बड़े निर्णय लिए गए, जिनका सीधा लाभ जनता को मिलेगा।
होमगार्ड और आश्रितों को 5 लाख रुपये का कैशलेस इलाज
कैबिनेट ने सबसे अहम फैसलों में होमगार्ड और उनके आश्रितों के लिए 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज का बीमा कवर मंजूर किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय सुरक्षा कर्मियों के कल्याण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में बड़े फैसले
बैठक में गोरखपुर और मुरादाबाद में 100-100 बेड के अस्पतालों के निर्माण के लिए 5-5 एकड़ भूमि आवंटन को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही वाराणसी में 13 एकड़ भूमि पर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रस्ताव भी पास हुआ, जिसमें 50 प्रतिशत सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित होंगी।
पशुधन बीमा योजना पूरे यूपी में लागू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने सीएम जोखिम पशुधन बीमा योजना को पूरे उत्तर प्रदेश में लागू करने की मंजूरी दी है। इसमें बीमा प्रीमियम का 85% हिस्सा सरकार वहन करेगी, जबकि 15% लाभार्थी को देना होगा। पशु की मृत्यु या दुर्घटना की स्थिति में एक महीने के भीतर मुआवजा दिया जाएगा।
स्टार्टअप और डेटा सेंटर नीति 2026 को मंजूरी
बैठक में उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन डायरेक्टरेट और स्टार्टअप पॉलिसी 2026 को भी स्वीकृति दी गई। राज्य में करीब 17,000 स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए सीईओ स्तर पर नियुक्ति और गवर्निंग बॉडी गठन का निर्णय लिया गया है। स्टार्टअप्स को 20,000 रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता देने का भी प्रावधान रखा गया है।
नगर विकास और बॉन्ड जारी करने का फैसला
गोरखपुर नगर निगम के लिए 80 करोड़ रुपये और मुरादाबाद नगर निगम के लिए 50 करोड़ रुपये के बॉन्ड जारी करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इसके अलावा वर्दीधारी विभागों के वर्दी और धुलाई भत्ते में लगभग 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी को भी स्वीकृति मिली है।

