शामली। आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा क्षेत्र से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद शनिवार को उत्तर प्रदेश के शामली जिले पहुंचे, जहां उन्होंने परिवर्तन न्याय यात्रा के माध्यम से जनता से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला और कई समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर पूछे गए सवाल पर चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि वे पिछले 15 वर्षों से समाज के वंचित, पिछड़े, अति पिछड़े, किसान, मजदूर और गरीब वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ संगठन और लोग अभी आंदोलन और राजनीति की शुरुआत कर रहे हैं, जबकि उनका संघर्ष वर्षों पुराना है और समाज के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए है। उनका उद्देश्य उन वर्गों की आवाज उठाना है, जिन्हें लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक रूप से उपेक्षित रखा गया है।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां किसानों के हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि कथित व्यापारिक समझौतों और नीतिगत फैसलों का सीधा असर किसानों की आजीविका पर पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि पहले युवाओं और अल्पसंख्यकों को नुकसान पहुंचाया गया और अब किसानों को भी ऐसी नीतियों का सामना करना पड़ रहा है, जो उनके हित में नहीं हैं।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आज़ाद समाज पार्टी किसानों, मजदूरों और कमजोर वर्गों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी।
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चंद्रशेखर आज़ाद ने स्पष्ट संकेत दिए कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि जनता भी चाहती है कि आज़ाद समाज पार्टी किसी गठबंधन का हिस्सा बनने के बजाय स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़े। पार्टी संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव तक पहुंच बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

