नोएडा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित हो रही ई-बस सेवा को यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कम किराए में शहर और आसपास के प्रमुख इलाकों को जोड़ने वाली इन बसों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। महज एक महीने में नोएडा में ई-बस से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या दोगुने से भी ज्यादा हो गई।
अगस्त में 3.40 लाख यात्रियों ने किया सफर
तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों में 15 जून से कुल 100 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया था। इनमें नोएडा में 50, ग्रेटर नोएडा में 25 और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 25 बसें संचालित हो रही हैं।नोएडा में फिलहाल 5 रूट पर 50 ई-बसें चल रही हैं। जुलाई में इन बसों से करीब 1.50 लाख यात्रियों ने सफर किया था। अगस्त में यह आंकड़ा बढ़कर करीब 3.40 लाख पहुंच गया। यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ई-बस सेवा से होने वाले राजस्व में भी करीब दोगुनी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
25 नई ई-बसें जोड़ने की तैयारी
यात्रियों की बढ़ती संख्या और लगातार बढ़ रही मांग को देखते हुए अब 25 अतिरिक्त ई-बसें सेवा में शामिल करने की तैयारी है। इसके साथ ही नए रूट निर्धारित करने के लिए सर्वे भी कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक गांवों और सेक्टरों को सार्वजनिक परिवहन सुविधा से जोड़ना है।
इन 5 रूटों पर चल रही हैं ई-बसें
रूट-1: बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा/सूरजपुर कलेक्ट्रेट
रूट-2: बॉटेनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्ट
रूट-3: बॉटेनिकल गार्डन से सूरजपुर कलेक्ट्रेट
रूट-4: बॉटेनिकल गार्डन से गाजियाबाद नया बस अड्डा
रूट-5: बॉटेनिकल गार्डन से कौशांबी और आनंद विहार बस स्टेशन
इन रूटों के जरिए नोएडा के कई सेक्टरों के अलावा ग्रेटर नोएडा, जेवर एयरपोर्ट और गाजियाबाद जैसे प्रमुख इलाकों तक लोगों को किफायती सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल रही है।
शिकायत और सुझाव के लिए हेल्पलाइन
ई-बस सेवा से जुड़ी शिकायत, सुझाव या अन्य जानकारी के लिए 1800-180-2877 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

