Uttar Pradesh News: शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। बता दें प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए गए जागरूकता अभियान के दौरान प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त करने के साथ करीब 16 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। प्राधिकरण ने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग बंद कर पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है।
कासना और डेल्टा-1 मार्केट में चलाया गया अभियान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर यह अभियान शहर के अलग-अलग इलाकों में चलाया गया। इसके तहत कासना, सेक्टर डेल्टा-1 की मार्केट समेत ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया।
बता दें अभियान के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल पर्यावरण के साथ-साथ शहर की स्वच्छता के लिए भी नुकसानदायक है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई। प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त कर करीब 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
प्लास्टिक की जगह कपड़े और जूट के थैले अपनाएं
प्राधिकरण की ओर से प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल, भंडारण और वितरण को रोकने के लिए नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण कम करना और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखना है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने नागरिकों, व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 का पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करने और इसके स्थान पर कपड़े, जूट तथा अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने को कहा है। प्राधिकरण का कहना है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। नियमों का पालन और जागरूकता ही प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में अवैध प्लॉटिंग पर प्राधिकरण का बड़ा एक्शन

