Uttar Pradesh News: त्योहारों के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस लगातार सक्रिय है। दरसअल, इसी क्रम में डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ थाना बीटा-2 क्षेत्र के जगत फार्म और आसपास के व्यस्त इलाकों में फुट पेट्रोलिंग की है। वहीं, इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के आदेश दिए।
जगत फार्म में पुलिस अधिकारियों ने किया पैदल मार्च
जानकारी के लिए बता दें पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में की गई इस पेट्रोलिंग का मुख्या उद्देश्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना था। डीसीपी ने बाजार और आसपास के क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा। जिसमें उन्होंने पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के आदेश दिए।
संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दिए निर्देश
डीसीपी श्रवण कुमार सिंह का कहना है कि क्षेत्र में संदिग्ध नजर आने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर जांच की जाए। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए। साथ ही, उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पीसीआर और पीआरवी को लगातार गश्त करने के आदेश
डीसीपी ने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के आदेश दिए। जिसमें उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंचे और तत्काल आवश्यक कार्रवाई करे।
पुलिस के अनुसार आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार फुट पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: https://www.upkibaat.com/gorakhpur-aiims-cath-lab-facility-delay-vibha-dutta/

