Greater Noida Authority CEO Transfer: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। बता दें प्रदेश सरकार की ओर से जारी 16 IAS अधिकारियों की तबादला लिस्ट में कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। इस बदलाव का असर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर भी पड़ा है। यहां मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) रवि कुमार एनजी का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह अब डॉ. बलकार सिंह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नए CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे।
रवि कुमार एनजी को मिली UPSIDA की जिम्मेदारी
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, रवि कुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। अब तक इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भेजा गया है।
जानकारी के लिए बता दें इस बदलाव के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की प्रशासनिक व्यवस्था में नए नेतृत्व की शुरुआत होगी। डॉ. बलकार सिंह के सामने शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कामों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
प्रवीण वर्मा बने शामली के जिलाधिकारी
इस प्रशासनिक फेरबदल में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) प्रवीण वर्मा का भी तबादला किया गया है। उन्हें शामली जिले का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इस तरह प्राधिकरण में CEO और ACEO दोनों स्तरों पर बदलाव हुआ है।
विकास और निवेश को गति देना होगी चुनौती
वहीं, प्रदेश सरकार की इस तबादला सूची में कुल 16 IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इसके तहत छह जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं। इसके अलावा वाराणसी और कानपुर मंडल के मंडलायुक्तों का भी तबादला किया गया है।
डॉ. बलकार सिंह के सामने ग्रेटर नोएडा में विकास परियोजनाओं को गति देना, औद्योगिक निवेश को आकर्षित करना, किसानों की समस्याओं का समाधान करना और शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना प्रमुख चुनौतियां होंगी। अब देखना होगा कि नए CEO के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की विकास योजनाओं और प्रशासनिक कामकाज को कितनी तेजी मिलती है।
ये भी पढ़ें: नोएडा में जनगणना 2027 हुआ शुरू, 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन स्वगणना

