Uttar Pradesh News: संविधान दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से शहर में कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा रखने और उसके मूल्यों एवं आदर्शों का पालन करने की शपथ ली। कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा उसके सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।
टेकजोन-4 कार्यालय में एसीईओ ने दिलाई शपथ
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के टेकजोन-4 स्थित प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसीईओ नूपुर गोयल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने संविधान के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और उसके आदर्शों का पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक एके सिंह, तहसीलदार सचेंद्र बहादुर सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार और प्रभात शंकर समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सेक्टर-3 में पानी की समस्या जल्द होगी दूर
संविधान दिवस कार्यक्रम के साथ ही एसीईओ नूपुर गोयल ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्राधिकरण कार्यालय में जनसुनवाई भी की। इस दौरान सेक्टर-3 के निवासियों ने जलापूर्ति की समस्या उठाई और अधिकारियों को अपनी परेशानी से अवगत कराया।
इस पर एसीईओ ने जल विभाग को पानी की नई लाइन डालकर समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ प्रबंधक जल राजेश कुमार ने बताया कि सेक्टर-3 में नई पानी की लाइन डालने के लिए वर्क अवार्ड किया जा चुका है। एक सप्ताह के भीतर लाइन डालने का काम शुरू करा दिया जाएगा। इसके अलावा एसीईओ ने टेकजोन-4 क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
नॉलेज पार्क-4 में भी हुआ कार्यक्रम
संविधान दिवस के उपलक्ष्य में ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-4 स्थित प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में भी शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां ओएसडी अभिषेक पाठक, ओएसडी गिरीश कुमार झा, ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, डीजीएम वित्त सुधीर गंगवार, प्रभारी महाप्रबंधक नियोजन सुधीर कुमार और वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस तरह प्राधिकरण के अलग-अलग कार्यालयों में संविधान दिवस मनाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान के प्रति उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाई गई।
ये भी पढ़ें: नोएडा में मॉडल रोड की तैयारी, कई प्रमुख सड़कें होंगी बेहतर

