महोबा जिले में नवरात्रि के पावन पर्व पर माँ चंडिका उत्सव समिति द्वारा गरबा नृत्य कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन महोबा मुख्यालय के सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी प्रतिभागियों ने गरबा नृत्य प्रस्तुत कर नवरात्रि की आस्था और संस्कृति का अनूठा संगम प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने भी गरबा नृत्य में सहभागिता की और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस आयोजन को मिशन शक्ति अभियान से जोड़ते हुए महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों और त्वरित सहायता के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में समाज को यह संदेश दिया गया कि नवरात्रि केवल धार्मिक उत्सव ही नहीं बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता का प्रतीक भी है। महिला सुरक्षा पर विशेष संवाद आयोजित किया गया, जिसमें उनके अधिकारों और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया गया। इस अवसर पर भारतीय तीरंदाजी संघ की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा पटनाहा सिंह भी उपस्थित रहीं।