उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति Anandiben Patel की अध्यक्षता में गुरुवार को जन भवन, लखनऊ में Madan Mohan Malaviya University of Technology की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और संकायों के डीन एवं विभागाध्यक्षों ने शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के रिक्त एवं स्वीकृत पदों, छात्र प्रवेश, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट, स्टार्टअप, शोध गतिविधियों, तकनीकी प्रदर्शनी, छात्रावास व्यवस्था, खेल गतिविधियों और विभिन्न परियोजनाओं पर प्रस्तुति दी।
बैठक के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में शोध और नवाचार को अधिक बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ड्रोन तकनीक का लाभ किसानों तक पहुंचाया जाना चाहिए। साथ ही समसामयिक विषयों पर शोध कार्य को बढ़ाने और तकनीक आधारित नवाचारों को समाजोपयोगी बनाने की आवश्यकता बताई। राज्यपाल ने खाद्य गुणवत्ता जांच किट के उपयोग और छात्रावासों में बाहर से आने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने छात्रावासों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि विशेष रूप से बालिका छात्रावासों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। राज्यपाल ने विद्यार्थियों में अनुशासन और स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करने की आवश्यकता बताई और छात्रावासों में बाहरी भोजन तथा मादक पदार्थों के प्रवेश पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
Narendra Modi के ऊर्जा संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भरता संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों से ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप बहुविषयक शिक्षा प्रणाली विकसित करने तथा सामाजिक एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण वाले विषयों को पाठ्यक्रम से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में प्राविधिक शिक्षा मंत्री Ashish Patel ने कहा कि यह समीक्षा बैठक विश्वविद्यालय को नई दिशा देने का अवसर है और शासन स्तर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। कुलपति Jai Prakash Saini समेत कई वरिष्ठ अधिकारी, डीन और विभागाध्यक्ष बैठक में मौजूद रहे।

