Gorakhpur Road Show Accident: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की पीडीए रथयात्रा (PDA Rath Yatra) के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। जिसमें उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश में माफियागिरी और गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह गुरुवार शाम को मृतक बच्चे के परिवार से मुलाकात करेंगे।
सपा की पीडीए रथयात्रा के दौरान हुआ था हादसा
दरअसल, बुधवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया था। रथयात्रा में शामिल बुलडोजर की चपेट में आने से 12 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम में इस घटना का जिक्र किया।
सीएम योगी ने कहा कि एक मासूम की जान चली गई, लेकिन जिम्मेदार लोगों की तरफ से संवेदना का एक शब्द तक सामने नहीं आया। उन्होंने मृतक बच्चे के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और कहा कि वह खुद पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे।
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को आदेश दिए कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, उन्होंने कहा कि सड़क पर अराजकता फैलाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश में माफियाओं और गुंडों को संरक्षण मिलता था। उन्होंने साफ कहा कि अब उत्तर प्रदेश में माफियागिरी और गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं है। दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
2017 से पहले के गोरखपुर का किया जिक्र
दरसअल, अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले के गोरखपुर की स्थिति का भी जिक्र किया। जिसमें उन्होंने कहा कि उस समय शहर की पहचान माफिया और मच्छरों से होती थी। इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी से मासूम बच्चों की जान जाती थी, लेकिन तत्कालीन सरकारों ने इस समस्या पर गंभीरता नहीं दिखाई।
योगी ने समाजवादी पार्टी पर गरीबों के आवास, राशन और पेंशन जैसी सुविधाओं पर कब्जा कराने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के 65 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराए हैं। अब इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई और मुख्यमंत्री की पीड़ित परिवार से होने वाली मुलाकात पर सभी की नजरें टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: Gorakhpur News: CM योगी ने वानिकी विश्वविद्यालय का किया भूमि पूजन, 792 करोड़ की सौगात

