Site icon UP की बात

गोरखपुर हादसे पर सीएम योगी का बड़ा एक्शन, 66 लोगों पर FIR, JCB जब्त

गोरखपुर हादसे पर सीएम योगी का बड़ा एक्शन

गोरखपुर हादसे पर सीएम योगी का बड़ा एक्शन

Uttar Pradesh News: गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा (PDA Rath Yatra) और रोड शो के दौरान 13 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में पुलिस-प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश के बाद पुलिस ने मामले में 66 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई जेसीबी मशीन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब जेसीबी मालिक और ऑपरेटरों की तलाश में जुटी है।

अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुई थी बच्चे की मौत

दरअसल, गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की पीडीए रथयात्रा और रोड शो के दौरान 13 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। मृतक बच्चे के पिता ओंकार सिंह की शिकायत पर एम्स थाना क्षेत्र में 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई जेसीबी मशीन को अपने कब्जे में ले लिया है।

जेसीबी मालिक और ऑपरेटरों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस की टीमें अब जेसीबी के मालिक और उसे चलाने वाले ऑपरेटरों की तलाश कर रही हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के समय जेसीबी का संचालन कौन कर रहा था और इसके लिए किसके निर्देश दिए गए थे। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री की ओर से पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर परिवार से बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि जांच में किसी तरह की लापरवाही न हो और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का हुआ निधन

 

Exit mobile version