Uttar Pradesh News: राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जीआईएमएस), ग्रेटर नोएडा में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा का विस्तार होने जा रहा है। संस्थान में चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग (Super Specialty Departments) स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही कॉर्निया ट्रांसप्लांट सेंटर और वयस्क मरीजों के लिए व्यापक हीमोफीलिया उपचार केंद्र खोलने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई है। वहीं, इन फैसलों से गौतमबुद्धनगर समेत आसपास के जिलों के मरीजों को एक्सपर्ट्स चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
जानकारी के लिए बता दें यह निर्णय 25 नवंबर 2026 को मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में आयोजित जीआईएमएस की 11वीं शासी निकाय की बैठक में लिया गया। बैठक में संस्थान के विकास और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें मंजूरी दी गई।
2035 तक का विजन प्लान स्वीकृत
दरसअल, बैठक में जीआईएमएस की अगले 10 सालों की विकास योजना (Vikas Yojana) को मंजूरी दी गई। इस योजना को तीन चरणों में तैयार किया गया है। बता दें पहले चरण में वर्ष 2028 तक विकास कार्य किए जाएंगे। दूसरे चरण में वर्ष 2031 तक संस्थान की शैक्षणिक और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। तीसरे चरण में वर्ष 2035 तक संस्थान को आधुनिक चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत अस्पताल की सुविधाओं, मेडिकल शिक्षा, रिसर्च, आधुनिक तकनीक और आधारभूत ढांचे पर खास ध्यान दिया जाएगा।
चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग खुलेंगे
जीआईएमएस में पहले से स्वीकृत आठ सुपर स्पेशियलिटी विभागों के अलावा चार नए विभाग स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इससे गंभीर बीमारियों के मरीजों को विशेष उपचार मिल सकेगा। इसके अलावा अस्पताल के बेसमेंट के सुदृढ़ीकरण और विकास को भी स्वीकृति दी गई है।
संस्थान में कॉर्निया ट्रांसप्लांट सेंटर (Cornea Transplant Center) स्थापित किया जाएगा। इससे आंखों की गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को उपचार की सुविधा मिलेगी। वहीं, हीमोफीलिया से पीड़ित वयस्क मरीजों के लिए विशेष उपचार केंद्र भी बनाया जाएगा।
मेडिकल शिक्षा और रिसर्च पर भी जोर
बैठक में मेडिकल कॉलेज परियोजना (Medical College Project) को लेकर भी आवश्यक अनुमोदन दिए गए। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा वी. हेकाली झिमोमी ने एमबीबीएस की सीटें बढ़ाकर 250 और बीएससी नर्सिंग की सीटें 100 करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही नर्स प्रैक्टिशनर पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में काम करने को कहा गया। संस्थान में हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, बायोस्टैटिस्टिक्स, हेल्थ इंफॉर्मेटिक्स, डिजिटल हेल्थ और टेलीमेडिसिन जैसे क्षेत्रों में शैक्षणिक विभाग विकसित करने के प्रस्ताव भी रखे गए।
NABH और NABL मान्यता की हुई सराहना
बैठक में जीआईएमएस को NABH और NABL की राष्ट्रीय मान्यता मिलने की उपलब्धि की सराहना की गई। मुख्य सचिव ने प्रदेश के अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेजों (Government Medical Colleges) को भी निर्धारित मानकों के अनुसार ये मान्यताएं प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। बैठक में संस्थान के निदेशक डॉ. राकेश के. गुप्ता समेत चिकित्सा शिक्षा, वित्त और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: नोएडा में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन, 6724 वाहनों के कटे चालान

