गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र में स्थित तनिष्क शोरूम में हुई करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में स्वाट टीम नगर जोन और कविनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में खुला बड़ा नेटवर्क, करोड़ों का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 2 किलोग्राम सोना, 6.5 लाख रुपये नकद और एक 12 बोर तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच विशेष टीमों का गठन किया था।
कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
जांच में सामने आया कि शोरूम में कार्यरत कर्मचारी नितिन वर्मा ही इस चोरी का मुख्य साजिशकर्ता था। उसके साथ उसके पिता संजय वर्मा, एक महिला मित्र और अन्य साथी भी इस अपराध में शामिल थे। सभी ने मिलकर पूरी योजना बनाकर चोरी को अंजाम दिया।
पार्टी के बहाने चाबी चोरी कर रची गई साजिश
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नितिन ने पहले शोरूम स्टाफ को पार्टी दी और कैशियर को शराब पिलाकर उसकी चाबी चुरा ली। इसके बाद 12 जून की सुबह शोरूम में प्रवेश कर ताले खोलकर करोड़ों के आभूषण चोरी कर लिए गए। बाद में चोरी का माल आपस में बांट लिया गया और कुछ आभूषण बेच भी दिए गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा खुलासा
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 16 जून को चिरंजीव विहार इलाके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और शेष माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
डीसीपी ने किया खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा डीसीपी धवल जायसवाल ने किया। उन्होंने बताया कि यह एक सुनियोजित अपराध था, जिसे समय रहते उजागर कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

