गौतमबुद्धनगर, 19 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में 20 नवंबर 2026 से ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (EDC) संचालित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी।इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत ईवीएम और वीवीपैट मशीनें निकाली गईं। इसके बाद मशीनों को प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के लिए निर्धारित रिजर्व वेयरहाउस में सुरक्षित रखवाया गया।
नोएडा, दादरी और जेवर में खुलेंगे EVM प्रदर्शन केंद्र
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के साथ-साथ तहसील स्तर पर 61-नोएडा, 62-दादरी और 63-जेवर विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों का संचालन 20 नवंबर से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।प्रदर्शन केंद्रों पर मतदाताओं को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने और वीवीपैट के जरिए अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया जाएगा। इससे मतदाता मतदान प्रक्रिया को आसानी से समझ सकेंगे और मशीनों की कार्यप्रणाली से परिचित हो सकेंगे।
EVM प्रदर्शन केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बैनर और स्टैंडी लगाने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक केंद्र पर एक रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने वाले मतदाताओं का विवरण और ईवीएम में रिकॉर्ड किए गए मतों का दैनिक लेखा-जोखा दर्ज किया जाएगा। कार्यक्रम की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी।मशीनों की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कंट्रोल यूनिट का परिणाम क्लियर किया जाएगा। वहीं, वीवीपैट ड्रॉप बॉक्स से पेपर स्लिप निकालकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार श्रेडिंग मशीन से नष्ट की जाएंगी। रिजर्व स्ट्रांग रूम की 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस बल की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है। मशीनों के रखरखाव, सुरक्षित भंडारण और स्ट्रांग रूम खोलने-बंद करने की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग की निर्धारित एसओपी के अनुसार पूरी की जाएगी।
EVM जागरूकता अभियान की निगरानी करेंगे SDM
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी प्रतिदिन ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों का पर्यवेक्षण करें और अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर भाजपा, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधियों सहित अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कुमार सिंह और उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता मौजूद रहे।

