Site icon UP की बात

यूपी समेत पांच राज्यों में 15 जनवरी को चुनाव का ऐलान संभव

यूपी समेत पांच राज्यों में 15 जनवरी को चुनाव का ऐलान संभव

यूपी समेत पांच राज्यों में 15 जनवरी को चुनाव का ऐलान संभव

Uttar Pradesh News: देश के पांच राज्यों में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव तय समय पर कराए जाने की संभावना है। ऐसे में चुनाव आयोग की तैयारियों को देखते हुए माना जा रहा है कि इस बार चुनाव कार्यक्रम का ऐलान 15 जनवरी 2027 के आसपास हो सकता है। वहीं, मतदान की प्रक्रिया 22 फरवरी के बाद शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।

यूपी में तीन से चार चरणों में हो सकता है मतदान

पांच राज्यों में से उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा चरणों में मतदान होने की संभावना है। यहां चुनाव तीन से चार चरणों में कराया जा सकता है। वहीं, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में एक ही चरण में मतदान कराने की तैयारी बताई जा रही है। वर्ष 2022 में इन पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव का ऐलान 8 जनवरी को किया गया था।

चुनाव आयोग ने तेज की तैयारियां

जानकारी के लिए बता दें चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत राज्यों में अधिकारियों के दौरे किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश और गोवा में आयोग के अधिकारियों का दौरा अभी पूरा नहीं हुआ है। इसके 15 दिसंबर तक समाप्त होने की उम्मीद है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों का दौरा प्रस्तावित है। सभी राज्यों की तैयारियों का जायजा लेने के बाद ही चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।

माघ मेले और बोर्ड परीक्षाओं का रखा जाएगा ध्यान

उत्तर प्रदेश में चुनाव कार्यक्रम तैयार करते समय कई महत्वपूर्ण आयोजनों को ध्यान में रखा जा रहा है। इनमें प्रयागराज का माघ मेला और यूपी बोर्ड की परीक्षाएं प्रमुख हैं। माघ मेला 14 जनवरी से 9 मार्च तक प्रस्तावित है। हालांकि, कल्पवासी 20 फरवरी को माघी पूर्णिमा के बाद लौटने लगते हैं। वहीं, यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं। ऐसे में चुनाव आयोग को मतदान की तारीखें तय करते समय इन दोनों कार्यक्रमों के बीच तालमेल बनाना होगा।

13 मार्च को समाप्त होगा मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल

पांचों राज्यों में मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल सबसे पहले 13 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। गोवा में 14 मार्च, पंजाब में 16 मार्च और उत्तराखंड में 28 मार्च 2027 को कार्यकाल पूरा होगा। वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है। इन सभी संवैधानिक समय-सीमाओं को देखते हुए चुनाव प्रक्रिया 24 फरवरी से 8 मार्च 2027 के बीच पूरी कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम चुनाव कार्यक्रम की घोषणा चुनाव आयोग ही करेगा।

ये भी पढ़ें: अमेठी में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, आपदा से बचाव की तैयारी हुई शुरू

 

Exit mobile version