अयोध्या : जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जनपद में राजस्व संग्रह और प्रवर्तन कार्यों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली की प्रगति, लंबित वादों के निस्तारण तथा प्रवर्तन कार्यों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए और वसूली कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए।
बैठक में परिवहन, आबकारी, वाणिज्य कर, विद्युत, खनन एवं अन्य विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रवर्तन कार्यों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा शासन की मंशानुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और विभागीय समन्वय के साथ कार्य करते हुए राजस्व वृद्धि के प्रयास तेज किए जाएं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

