मथुरा: हाईवे थाना क्षेत्र के बाजना गांव में सोमवार शाम प्लॉट की बाउंड्री का निर्माण करा रहे लोगों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथित तौर पर हथियारों से लैस कई लोग मौके पर पहुंच गए। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने वहां फायरिंग की और वाहनों में तोड़फोड़ की। मामले में 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार द्वारा बताया सात अभियुक्तों के खिलाफ 307 का मुकदमा दर्ज किया गया है भूमि विवाद को देखते हुए आरोपियों का गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
बाउंड्री का काम शुरू होते ही पहुंच गए हथियारबंद लोग
जैंत थाना क्षेत्र के छरौरा निवासी दीपक के मुताबिक, बाजना गांव में खसरा संख्या 138 की जमीन पर प्लॉट की बाउंड्री का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान ब्रजमोहन, लोकेश और कनक सहित कई लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ करीब 10 से 15 अन्य लोग भी थे। पीड़ित का दावा है कि बाउंड्री का काम शुरू कराने से पहले उससे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने के बाद कथित तौर पर दबाव बनाने के लिए हथियारबंद लोगों ने मौके पर पहुंचकर हमला किया।
रायफल और तमंचों से फायरिंग का आरोप
दीपक ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे लोगों के पास रायफल, तमंचे और पिस्टल जैसे हथियार थे। उन्होंने दीपक, उसके भाई प्रमोद और अन्य साथियों को निशाना बनाकर कथित रूप से कई राउंड फायर किए। अचानक हुई गोलीबारी के बाद वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कुछ लोग प्लॉट में पड़ी ईंटों के पीछे छिपते नजर आए। घटना से जुड़े वीडियो में भी लोगों को कथित फायरिंग के दौरान बचने के लिए इधर-उधर भागते देखा जा रहा है।
दो वाहनों में तोड़फोड़ का भी आरोप
पीड़ित पक्ष ने हमलावरों पर दो वाहनों में तोड़फोड़ करने का आरोप भी लगाया है। घटना के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से निकल चुके थे।
वायरल वीडियो की पुलिस कर रही जांच
घटना का करीब 1 मिनट 19 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है। हाईवे थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले से जुड़े आरोपों की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस कथित हमलावरों की पहचान करने के साथ-साथ घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों और फायरिंग से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।

