Uttar Pradesh News: देव दीपावली (Dev Deepawali 2026) के भव्य आयोजन को देखते हुए वाराणसी में 24 नवंबर को ट्रैफिक विभाग (Traffic Department) ने मेगा डायवर्जन प्लान (Mega Traffic Diversion Plan) लागू किया है। गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों को नो-व्हीकल जोन (No-Vehicle Zone) घोषित किया गया है। इसके साथ ही नमो घाट के पास स्थित राजघाट पुल पर दोपहर 1 बजे के बाद वाहनों के साथ पैदल आवागमन भी पूरी तरह बंद रहेगा। ऐसे में वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
राजघाट पुल पर पैदल आवागमन भी बंद
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा के अनुसार, राजघाट पुल पर 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे के बाद किसी भी वाहन या पैदल यात्री को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। सामने घाट पुल से रामनगर और लंका के बीच केवल पैदल यात्री और बाइक सवार ही आवागमन कर सकेंगे। गंगा के दोनों तरफ आने-जाने वाले अन्य वाहनों के लिए विश्वसुंदरी पुल और रिंग रोड स्थित गंगा पुल का इस्तेमाल करना होगा।
घाटों के आसपास कई सड़कें नो-व्हीकल जोन
आपकी जानकारी के लिए बता दें देव दीपावली पर घाटों की तरफ जाने वाले प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। मैदागिन से बुलानाला और गोदौलिया, लहुराबीर से बेनिया, थाना लक्सा से रामापुरा, सोनारपुरा से गोदौलिया, अग्रवाल तिराहा से अस्सी और रविदास घाट समेत कई मार्गों पर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। नमो घाट, राजघाट और आसपास के क्षेत्रों में भी यातायात के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
पांच जगह बनाए गए होल्डिंग एरिया
श्रद्धालुओं और वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पांच होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इनमें रामनगर का दुर्गा मंदिर, लंका मैदान, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, बीएचयू कैंपस और यूपी कॉलेज शामिल हैं। वहीं, हरहुआ, पांडेयपुर, आशापुर, लंका और मंडुवाडीह की तरफ से आने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।
बसों के लिए भी तय किए गए स्थान
देव दीपावली के दौरान काशी और कैंट बस स्टेशन से संचालित बसें शहर के अंदर प्रवेश नहीं कर सकेंगी। जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर की बसों के लिए रिंग रोड हरहुआ, बावन बीघा और संदहा अंडरपास के पास स्थान निर्धारित किए गए हैं। वहीं, चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र और मिर्जापुर की बसें मोहनसराय में ठिकाना ढाबा के पास से संचालित होंगी।
सुरक्षा के लिए 4000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
देव दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए 25 से अधिक आईपीएस, 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों और 4000 से ज्यादा महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। एटीएस, आईबी, सीआरपीएफ, पीएसी और क्यूआरटी की टीमें भी तैनात रहेंगी। गंगा में नावों और मोटरबोट के संचालन के लिए करीब पांच किलोमीटर तक वाटर बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल में देव दीपावली का आयोजन दिखाना और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखना है।
ये भी पढ़ें: सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं

