लखनऊ। भारत टैक्सी के शुभारंभ और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को नई योजनाओं के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को गति देने का काम हो रहा है और इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि सहकारिता का नेतृत्व और संचालन किन लोगों के हाथों में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता एक दुधारी तलवार की तरह है। सही नेतृत्व और अच्छी लीडरशिप में यह विकास का माध्यम बनती है, जबकि गलत हाथों में शक्ति आने पर इसके परिणाम विध्वंसक हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री के नेतृत्व में देश में सहकारिता आंदोलन को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग से सहकारिता मंत्रालय का गठन किया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश और 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में किस तरह का माहौल था, यह लोगों ने देखा है।
भारत टैक्सी का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले गरीब के हुनर का अपमान होता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदली हैं। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी केवल यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह भारत की प्रगति से भी जुड़ी है। मुख्यमंत्री के अनुसार, भारत टैक्सी से जुड़े चालकों को 5 लाख रुपये तक की सोशल सिक्योरिटी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
किसानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना को लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को मिलने वाले लोन की ब्याज दर को 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत किया गया है और 6 से 10 लाख रुपये तक के लोन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसान खुशहाल होगा तो देश खुशहाल होगा और किसान समृद्ध होगा तो भारत भी समृद्ध होगा।
सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों के दौर में प्रदेश में कर्फ्यू और अराजकता का दावा करते हुए कहा कि अब प्रदेश में कर्फ्यू और दंगे नहीं होते तथा चोरी की घटनाओं पर निगरानी के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में 14 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने सबसे पहले लघु और सीमांत किसानों का ऋण माफ किया था। उन्होंने सिंचाई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित कई बड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। उनके अनुसार, डबल इंजन सरकार के प्रयासों से 24 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, टैक्सी चालकों और आम लोगों के हित में लगातार काम कर रही है।

