Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। दरसअल, उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में मां के अंतिम दर्शन के दौरान उनकी आंखों से कई बार आंसू छलक पड़े। ऐसे में खुद को संभालने की कोशिश करते हुए योगी रूमाल से अपनी आंखें पोंछते नजर आए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कुछ देर तक मौन खड़े होकर उन्हें निहारते रहे।
जानकारी के लिए बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम करीब 4 बजकर 55 मिनट पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। घर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले मां के पार्थिव शरीर के दर्शन किए। इस दौरान परिवार के सदस्य और रिश्तेदार भी मौजूद रहे। योगी ने परिजनों से मां की तबीयत और उनके अंतिम दिनों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मां से जुड़ी बातें सुनकर वह कई बार भावुक हो गए।
सीएम योगी के गांव पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग उनके पैतृक आवास पहुंचने लगे। सभी ने सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक रेणु बिष्ट, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी मौजूद रहे।
अंतिम विदाई की तैयारियों के दौरान भी छलके आंसू
बता दें मां की अंतिम विदाई की तैयारियों के दौरान भी मुख्यमंत्री योगी खुद को भावुक होने से नहीं रोक सके। मां को अंतिम विदाई देते समय उनकी आंखें नम हो गईं। इस भावुक पल को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं।
मां से था योगी आदित्यनाथ का गहरा लगाव
संन्यास लेने के बाद योगी आदित्यनाथ ने पारिवारिक जीवन से दूरी बना ली थी, लेकिन मां के प्रति उनका स्नेह हमेशा बना रहा। वह समय-समय पर अपने गांव पंचूर जाकर मां से मुलाकात करते थे। मई 2022 में मुख्यमंत्री बनने के बाद वह पहली बार मां से मिलने अपने पैतृक गांव पहुंचे थे और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। वहीं, जून 2024 में भी योगी अपनी मां से मिलने ऋषिकेश एम्स पहुंचे थे, जहां उनका इलाज चल रहा था। मां की तबीयत खराब होने पर योगी लगातार परिवार के सदस्यों से फोन पर उनका हाल जानते रहते थे।
संन्यास के बाद मां से ली थी पहली भिक्षा
योगी आदित्यनाथ के जीवन से जुड़ा एक भावुक किस्सा भी काफी चर्चित है। वर्ष 1998 में संन्यास लेने के करीब चार साल बाद जब वह अपने गांव पहुंचे थे, तब परंपरा के अनुसार उन्होंने अपनी मां से पहली भिक्षा ली थी। सावित्री देवी ने उन्हें फल, चावल और पैसे दिए थे। उनकी बहन शशि पयाल के अनुसार, उस समय मां के साथ पूरा परिवार भावुक हो गया था। योगी की आंखें भी नम थीं। मां के प्रति योगी आदित्यनाथ का यह लगाव बताता है कि संन्यास और मुख्यमंत्री की जिम्मेदारियों के बावजूद उनका अपनी मां से भावनात्मक रिश्ता हमेशा मजबूत बना रहा।
ये भी पढ़ें: गंगा महोत्सव में छात्रों की कलाकृतियों ने बिखेरे काशी की संस्कृति के रंग

