Site icon UP की बात

गोरखपुर में पोखरे की सफाई करने वाले युवकों से मिले सीएम योगी, की सराहना

गोरखपुर में पोखरे की सफाई करने वाले युवकों से मिले सीएम योगी, की सराहना

गोरखपुर में पोखरे की सफाई करने वाले युवकों से मिले सीएम योगी, की सराहना

गोरखपुर: मां तरकुलहा देवी धाम के सामने स्थित ऐतिहासिक पोखरे की सफाई के लिए श्रमदान कर रहे दो युवकों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात की। युवाओं के सेवा भाव और उनकी पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने पोखरे के जल्द सुंदरीकरण और स्थायी जीर्णोद्धार का आश्वासन दिया।

पांच सितंबर से सफाई में जुटे हैं युवक

चौरीचौरा क्षेत्र के भाऊपुर गांव निवासी अनुपम गुप्ता और करन निषाद ने पांच सितंबर से पोखरे की सफाई का अभियान शुरू किया था। दोनों युवक प्रतिदिन श्रमदान कर ऐतिहासिक पोखरे को जलकुंभी और गंदगी से मुक्त करने में जुटे हैं। श्रद्धा और सेवा की भावना से किए जा रहे इस कार्य को देखकर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं ने भी दोनों युवकों की पहल की प्रशंसा की। मंदिर ट्रस्ट की ओर से भी उनके प्रयास और समर्पण को सराहा गया।

 

मुख्यमंत्री ने युवाओं को बुलाकर की मुलाकात

युवाओं के इस सेवा कार्य की जानकारी शासन तक पहुंचने के बाद बुधवार, 16 सितंबर की सुबह एसडीएम चौरीचौरा ने दोनों से संपर्क किया। उन्हें बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे मुलाकात करना चाहते हैं। इसके बाद एसडीएम दोनों युवकों को एनेक्सी भवन लेकर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने अनुपम गुप्ता और करन निषाद से मुलाकात की। उन्होंने दोनों के साथ फोटो खिंचवाई और उन्हें आशीर्वाद भी दिया।

पोखरे के स्थायी जीर्णोद्धार का आश्वासन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पोखरे की सफाई के लिए किए जा रहे श्रमदान की सराहना की। उन्होंने युवाओं के सेवा भाव के लिए उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि मां तरकुलहा देवी धाम के सामने स्थित प्राचीन पोखरे के सुंदरीकरण और स्थायी जीर्णोद्धार का काम जल्द कराया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भी उम्मीद जगी है कि ऐतिहासिक पोखरे को जल्द नया स्वरूप मिल सकेगा।

 

Exit mobile version