Site icon UP की बात

गोंडा में सीएम योगी का बड़ा बयान, कहा- अब यूपी माफिया मुक्त

गोंडा में सीएम योगी का बड़ा बयान

गोंडा में सीएम योगी का बड़ा बयान

Uttar Pradesh News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर जमकर निशाना साधा। जिसमें उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफिया और अपराधियों का बोलबाला था। पिछली सरकारों में कट्टा-बम बनते थे, जबकि आज भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण करा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश दंगा, कर्फ्यू और माफिया से मुक्त हो चुका है। अब यूपी में नो दंगा, सब चंगा है।

46,700 विद्यार्थियों को मिले टैबलेट, बोले- यह चलता-फिरता विश्वविद्यालय

जानकारी के लिए बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोंडा के सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने देवीपाटन मंडल के चार जिलों के 46,700 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को दिया जा रहा टैबलेट केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इसके माध्यम से युवा दुनिया भर की जानकारी हासिल कर सकते हैं और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ा सकते हैं। वितरण कार्यक्रम के तहत गोंडा के 33,200, बहराइच के 7,400, बलरामपुर के 5,100 और श्रावस्ती के 1,000 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए।

2017 के बाद बदली देवीपाटन मंडल की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में हुए सर्वे में गोंडा को सबसे गंदे शहरों में शामिल किया गया था। मंडल की सड़कें खराब थीं और बलरामपुर व श्रावस्ती की प्रति व्यक्ति आय भी काफी नीचे थी, लेकिन भाजपा सरकार के नौ वर्षों में देवीपाटन मंडल की तस्वीर बदल गई है। जिसमें उन्होंने बताया कि गोंडा में मेडिकल कॉलेज, बहराइच में मेडिकल कॉलेज और बलरामपुर में विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया है। बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी चल रहा है। श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार हो चुका है। योगी ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने पिछले नौ वर्षों में देवीपाटन मंडल के विकास पर 36 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

सपा-बसपा से दोगुनी नौकरियां देने का दावा

सीएम योगी ने रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि सपा और बसपा की सरकारों ने मिलकर जितने नियुक्ति पत्र वितरित नहीं किए, उससे दोगुने नियुक्ति पत्र भाजपा सरकार ने युवाओं को दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले नौकरी निकलते ही सैफई सिंडिकेट वसूली के लिए सक्रिय हो जाता था। युवाओं की प्रतिभा के बजाय सिफारिश और भ्रष्टाचार को महत्व मिलता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया की स्थिति थी। खनन, शराब और नकल माफिया पूरे सिस्टम पर हावी थे। आज प्रदेश माफिया मुक्त है।

यूपी में 25 हजार से ज्यादा स्टार्टअप

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या करीब 120 थी, जो अब बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि विकास केवल सपने दिखाने से नहीं, बल्कि मजबूत विजन और समर्पण से होता है। इसी सोच के साथ सरकार प्रदेश को आगे बढ़ा रही है।

ये भी पढ़ें: नोएडा में जनगणना अभियान शुरू, डीएम ने तय किया नया लक्ष्य

 

Exit mobile version