Site icon UP की बात

महाशिवरात्रि पर भी जनसेवा में जुटे सीएम योगी, गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आनुष्ठानिक व्यस्तताओं के बीच भी योगी आदित्यनाथ ने जनसेवा के अपने संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाया। गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन कर करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, “चिंता मत करें, हर समस्या का समाधान होगा। सबकी भरपूर मदद की जाएगी।” उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्षता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

एक-एक व्यक्ति तक पहुंचे मुख्यमंत्री, खुद सुनी समस्याएं

रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और प्राप्त प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि निस्तारण त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है।

इलाज में धन की कमी नहीं बनेगी बाधा

जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इलाज में धन की कमी बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पतालों के इस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जो पात्र लोग किसी कारणवश आयुष्मान भारत कार्ड नहीं बनवा पाए हैं, उनके कार्ड तत्काल बनवाए जाएं, जिससे इलाज में कोई परेशानी न हो।

गोसेवा का भावुक दृश्य: ‘ओ भोलू’ की पुकार पर दौड़ा बछड़ा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहचान एक गोसेवक के रूप में भी जानी जाती है। रविवार सुबह उन्होंने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में जाकर गायों और गोवंश को अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने एक श्याम रंग के बछड़े को नाम लेकर पुकारा-“ओ भोलू”-तो वह भावविभोर होकर दौड़ता हुआ मुख्यमंत्री के पास आ गया। मुख्यमंत्री ने उसे स्नेहपूर्वक दुलारा और खिलाया। गोशाला में मौजूद एक मोर को भी मुख्यमंत्री ने प्यार किया और अपने हाथों से रोटी के टुकड़े खिलाए।

बच्चों पर लुटाया स्नेह, कराया अन्नप्राशन

मंदिर परिसर के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री की नजर वहां आए बच्चों पर पड़ी। उन्होंने बच्चों को पास बुलाकर उनसे नाम और पढ़ाई के बारे में पूछा, स्नेहपूर्वक बातचीत की और उन्हें मेहनत से पढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट दी और एक बच्चे को गोद में लेकर अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर आस्था, सेवा और संवेदनशील प्रशासन का यह समन्वय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली का जीवंत उदाहरण बना।

Exit mobile version