Site icon UP की बात

वोट हमारा, राज तुम्हारा नहीं चलेगा; चंद्रशेखर का नया नारा

वोट हमारा, राज तुम्हारा नहीं चलेगा

वोट हमारा, राज तुम्हारा नहीं चलेगा

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने चुनावी मैदान में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को उन्होंने नया नारा देते हुए कहा, ‘वोट हमारा, राज तुम्हारा नहीं चलेगा।’ उनका कहना है कि जब जनता अपने वोट से दूसरे दलों को सत्ता तक पहुंचा सकती है तो अपने नेतृत्व को भी मजबूत कर सकती है।

जानकारी के लिए बता दें चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मुकाबला सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एसपीएम) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच होगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी को चुनावी मुकाबले में अहम चुनौती मानने से इनकार किया।

ओवैसी के साथ मिलकर बनाया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा

चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने की घोषणा की है। आजाद ने कहा कि भाजपा को चुनौती देने के लिए उनका गठबंधन पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगा।

वहीं, सपा और कांग्रेस के बीच चल रही बयानबाजी पर उन्होंने निशाना साधा। आजाद ने कहा कि जनता देख रही है कि दोनों दल सीटों को लेकर आपस में उलझे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों में भाजपा को हराने के लिए एकजुट होकर काम करने की इच्छाशक्ति नहीं दिखाई दे रही है।

युवाओं और महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र

चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि उनकी पार्टी युवाओं और महिलाओं के लिए अलग-अलग चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी। इसके अलावा सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए मुख्य घोषणापत्र भी तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याएं जानने के लिए सर्वेक्षण दल लगाए हैं। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों से जुड़े मुद्दों को घोषणापत्र में जगह दी जाएगी।

मायावती और आजम खान के बयान पर दिया जवाब

बसपा प्रमुख मायावती की आलोचना पर आजाद ने कहा कि मिशन के रास्ते में आलोचना और आरोप लगना सामान्य बात है। वहीं, आजम खान के उन्हें वोट कटवा और भाजपा की बी टीम बताए जाने पर उन्होंने पलटवार किया।

आजाद ने उत्तर प्रदेश सरकार पर शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि भाजपा अपने कामकाज के आधार पर चुनाव लड़ने के बजाय मथुरा के मुद्दे को क्यों उठा रही है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य उत्तर प्रदेश की सत्ता हासिल कर युवाओं, किसानों और महिलाओं के हित में काम करना है।

ये भी पढ़ें: बिजनौर में महिला मोर्चा ने उठाई महिला सशक्तिकरण की आवाज

 

Exit mobile version