Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश का बुंदेलखंड आने वाले दस वर्षों में औद्योगिक विकास की नई पहचान बन सकता है। बता दें योगी सरकार (Yogi Government) ने बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के जरिए इस क्षेत्र को निवेश और रोजगार का बड़ा केंद्र बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए 56,662 एकड़ भूमि का अनुमोदन किया गया है, जबकि 23,590 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। रक्षा उत्पादन, भारी उद्योग, फार्मा और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश से वर्ष 2036 तक बुंदेलखंड की आर्थिक तस्वीर बदलने की उम्मीद है।
बीडा से औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
बुंदेलखंड लंबे समय से सूखा, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याओं से जूझता रहा है। यहां उद्योगों की कमी के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है। अब बीडा के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर तैयार करने की योजना है। बता दें इस दिशा में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) का करीब 600 करोड़ रुपये का प्रस्तावित निवेश महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) को चित्रकूट में 75 हेक्टेयर जमीन आवंटित की गई है। यहां 562.5 करोड़ रुपये की रक्षा विनिर्माण इकाई स्थापित करने की योजना है।
रक्षा उत्पादन और फार्मा उद्योग से बढ़ेंगी नौकरियां
बुंदेलखंड में रक्षा गलियारे का चित्रकूट नोड औद्योगिक विकास (Chitrakoot Node Industrial Development) को नई दिशा दे सकता है। अब आने वाले सालों में यहां रक्षा उपकरणों के निर्माण से जुड़ी कंपनियों और सहायक इकाइयों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। इससे युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं। इसके अलावा झांसी और ललितपुर में 1,472 एकड़ में फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। फार्मा कॉन्क्लेव के माध्यम से करीब 10 हजार करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन भी इस क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को दिखाते हैं।
लॉजिस्टिक्स पार्क से किसानों को भी फायदा
कॉनकोर की ओर से 100 एकड़ में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (Multi-Modal Logistics Park) प्रस्तावित है। इससे सड़क और रेल के माध्यम से औद्योगिक उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। किसानों को भी अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार मिल सकता है।
2036 तक बदल सकती है बुंदेलखंड की पहचान
औद्योगिक इकाइयों के साथ आवास, स्कूल, अस्पताल और बेहतर परिवहन सुविधाओं का विकास भी होगा। महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों के लिए नए अवसर तैयार हो सकते हैं। हालांकि, इन योजनाओं का वास्तविक लाभ जमीन पर तेजी से क्रियान्वयन, निवेश और स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने पर निर्भर करेगा। यदि योजनाएं तय लक्ष्य के अनुसार आगे बढ़ती हैं, तो 2036 तक बुंदेलखंड पलायन के बजाय रोजगार और औद्योगिक विकास के लिए पहचाना जा सकता है।
ये भी पढ़ें: गोंडा में सीएम योगी का बड़ा बयान, कहा- अब यूपी माफिया मुक्त

