Site icon UP की बात

ग्रामीण डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा, बीएसएनएल का 259 रुपये वाला रूरल एंट्री प्लान लॉन्च

बीएसएनएल का 259 रुपये वाला रूरल एंट्री प्लान लॉन्च

बीएसएनएल का 259 रुपये वाला रूरल एंट्री प्लान लॉन्च

गाजियाबाद।  ग्रामीण भारत में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने एक नई पहल की है। कंपनी ने 259 रुपये प्रति माह का नया रूरल एंट्री प्लान लॉन्च किया है, जिसका उद्देश्य गांवों में किफायती और तेज इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराना है।

अनलिमिटेड इंटरनेट और मुफ्त कॉलिंग की सुविधा

इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को 25 एमबीपीएस तक की स्पीड, अनलिमिटेड ब्रॉडबैंड और पूरे भारत में असीमित वॉयस कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म का मुफ्त एक्सेस भी दिया जाएगा। खास बात यह है कि इंस्टॉलेशन और मॉडेम पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे, जबकि ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध है।

 

ग्रामीण विकास और डिजिटल सेवाओं पर फोकस

बीएसएनएल का कहना है कि यह योजना विशेष रूप से छात्रों, किसानों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच को मजबूत करना और डिजिटल इंडिया मिशन को गति देना है।

भारतनेट परियोजना से बढ़ रही कनेक्टिविटी

बीएसएनएल भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारतनेट फेज-3 परियोजना के तहत ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड पहुंचाने का कार्य कर रहा है। इस परियोजना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, ई-गवर्नेंस, डिजिटल भुगतान और ग्रामीण उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सुधार देखने को मिल रहे हैं।

 

भारतनेट उद्यमी योजना से रोजगार के अवसर

ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बीएसएनएल ने भारतनेट उद्यमी (BNU) योजना भी शुरू की है। इसके तहत चयनित उद्यमी अपने क्षेत्र में एफटीटीएच ब्रॉडबैंड सेवाएं उपलब्ध कराकर अंतिम छोर तक इंटरनेट पहुंचाने का कार्य करेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

गाजियाबाद और हापुड़ में तेजी से बढ़ रहा नेटवर्क

गाजियाबाद ऑपरेशनल एरिया में भारतनेट परियोजना के तहत 8 ब्लॉकों की 434 ग्राम पंचायतों तक फाइबर कनेक्टिविटी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक 136 ग्राम पंचायतों में नेटवर्क स्थापित किया जा चुका है। बीएसएनएल आने वाले समय में और अधिक गांवों तक हाई-स्पीड इंटरनेट सेवाएं पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

 

 

Exit mobile version