लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक मुख्यमंत्री आवास पर जारी है। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
प्रदेश संगठन के प्रमुख नेता भी बैठक में मौजूद
बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी मौजूद हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच आगामी चुनावों की तैयारियों और संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा होने की जानकारी है।
राज्यसभा की 8-9 सीटों पर चर्चा
बैठक में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की संभावित 8 से 9 सीटों के चुनाव को लेकर मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक श्रेणी की 11 सीटों के लिए भी उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा होने की संभावना है।
उम्मीदवारों के नामों पर बनेगा पैनल
बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया जाएगा। पार्टी के भीतर चर्चा के बाद संभावित नामों का पैनल तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे संभावित नाम
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कोर कमेटी की बैठक के बाद संभावित उम्मीदवारों के नामों का अंतिम पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जा सकता है। इसके बाद केंद्रीय स्तर पर उम्मीदवारों के नामों को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक को आगामी राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

