Site icon UP की बात

ट्रेन में सीट को लेकर बड़ा बवाल, GRP सिपाही पर मारपीट का आरोप, 6 लोगों पर केस दर्ज

ट्रेन में सीट को लेकर बड़ा बवाल

ट्रेन में सीट को लेकर बड़ा बवाल

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में ट्रेन में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। दरसअल, अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस में दो परिवारों के बीच सीट पर बैठने को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके वजह से मामला इतना बढ़ा कि मौके पर पहुंचे GRP के एक कॉन्स्टेबल और महिला पक्ष के बीच भी विवाद हो गया। महिला ने सिपाही पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, GRP ने अपने जवानों के साथ मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में छह यात्रियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे जननायक एक्सप्रेस मुरादाबाद स्टेशन से नजीबाबाद के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन में बिहार की रहने वाली एक महिला अपनी सीट पर लेटी हुई थी। इसी दौरान दूसरे परिवार की एक महिला ने बैठने के लिए जगह मांगी। सीट खाली नहीं होने पर दोनों परिवारों के बीच बहस शुरू हो गई। जिसमें महिला का कहना है कि छठ पूजा के बाद वह अपने घर लौट रही थी। उसकी तबीयत खराब थी और वह हाई ब्लड प्रेशर की मरीज है। ऐसे में एक यात्री ने उसे आराम करने के लिए अपनी सीट पर जगह दी थी।

महिला ने सिपाही पर लगाया मारपीट का आरोप

महिला की बेटी के मुताबिक, कुछ देर बाद GRP का एक सिपाही दो महिलाओं को लेकर वहां पहुंचा और उन्हें बैठाने के लिए जगह देने को कहा। जगह नहीं होने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सिपाही ने मोबाइल से वीडियो बनाते हुए बेटी का कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। महिला पक्ष का आरोप है कि सिपाही ने उसकी मां के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं।

GRP ने छह यात्रियों पर दर्ज कराया केस

दूसरी तरफ, GRP मुरादाबाद का कहना है कि ट्रेन में एस्कॉर्ट ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ छह यात्रियों ने मारपीट और गाली-गलौज की। जिसमें जवानों को जान से मारने की धमकी देने और सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है। वहीं, इस मामले में चंदन ठाकुर समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दरभंगा निवासी चंदन ठाकुर और समस्तीपुर निवासी पिक्कू कुमार को गिरफ्तार किया है।

घटना के वीडियो भी आए सामने

घटना के दो वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें महिलाएं सीट पर लेटी महिला से बैठने और दूसरी महिला को जगह देने की बात कहती नजर आ रही हैं। हालांकि, वीडियो से यह स्पष्ट नहीं होता कि मारपीट की शुरुआत किसने की थी। फिलहाल, महिला पक्ष और GRP के आरोप अलग-अलग हैं। मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रेन में विवाद के दौरान मारपीट की शुरुआत किसने की थी।

ये भी पढ़ें: यूपी में कांग्रेस की चुनावी तैयारी हुई शुरू, दिसंबर से शुरू होंगी रैलियां

 

Exit mobile version