Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। दरअसल, हाईकोर्ट ने 2022 के विधानसभा चुनाव में उनके निर्वाचन को रद्द कर दिया है। जिसमें अदालत ने यह फैसला चुनावी हलफनामे में आय से जुड़ी जानकारी नहीं देने के मामले में सुनाया। इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल शुरू हो गई है।
जानकारी के लिए बता दें शुक्रवार को ओम कुमार ने अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हाईकोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया दी है । जिसमें उन्होंने कहा कि चुनावी हलफनामे में आय की जानकारी दर्ज नहीं होना केवल एक लिपिकीय त्रुटि थी। उन्होंने अदालत के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है।
258 वोटों से जीते थे ओम कुमार
नहटौर विधानसभा सीट पर 2022 के चुनाव में भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के बीच कांटे की टक्कर हुई थी। भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार को 77,935 वोट मिले थे, जबकि रालोद प्रत्याशी मुंशीराम पाल को 77,677 वोट प्राप्त हुए थे। इस तरह ओम कुमार ने महज 258 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। यह उनकी लगातार तीसरी विधानसभा चुनाव में जीत थी।
चुनाव में हार के बाद मुंशीराम पाल ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि ओम कुमार ने नामांकन के दौरान दाखिल हलफनामे में अपनी आय का पूरा ब्योरा नहीं दिया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की पीठ ने गुरुवार को उनका निर्वाचन रद्द करने का फैसला सुनाया। अदालत ने फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने के लिए 15 दिन का समय भी दिया है।
बसपा से शुरू किया था राजनीतिक सफर
ओम कुमार ने वर्ष 2009 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से जुड़कर राजनीति में कदम रखा था। 2012 में बसपा के टिकट पर पहली बार नहटौर से विधायक बने। 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गए और लगातार दो चुनाव जीतकर विधायक बने रहे। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें नगीना सीट से प्रत्याशी बनाया था, जहां आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद ने उन्हें हराया था। ओम कुमार के नोएडा में सिक्योरिटी एजेंसी, स्कूल और बैंक्वेट हॉल सहित अन्य कारोबार से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आती रही है। फिलहाल हाईकोर्ट के फैसले के बाद सभी की नजरें उनके अगले कानूनी कदम पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव से पहले पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव को घेरा

