महराजगंज। राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को पनियरा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
यात्रा में स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। जैसे-जैसे यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से आगे बढ़ी, पूरा वातावरण भारत माता की जय, वंदे मातरम और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। यात्रा को लेकर बच्चों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत भी किया।
इस अवसर पर विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज से देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। तिरंगा उन स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के त्याग और बलिदान की अमिट पहचान है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इसके साथ ही वंदे मातरम, राष्ट्रगान और देश की गौरवशाली विरासत के प्रति सम्मान की भावना भी हर भारतीय के मन में होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश की नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, वीर शहीदों के बलिदान और राष्ट्रीय प्रतीकों के महत्व से परिचित कराना आज की आवश्यकता है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन युवाओं में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल रहे। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों का उत्साह देखते ही बना। पूरे आयोजन के दौरान पनियरा का माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा।

