Site icon UP की बात

बांदा के तेरही माफी मोड़ पर बदहाल सड़क, 2 किलोमीटर तक लगा हाइवे पर जाम, प्रशासन पर उठे सवाल

बांदा के तेरही माफी मोड़ पर बदहाल सड़क

बांदा के तेरही माफी मोड़ पर बदहाल सड़क

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के तिंदवारी नगर पंचायत क्षेत्र में तेरही माफी मोड़ के पास सड़क की बदहाली और जलभराव से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल नाला जाम होने के वजह से हाइवे पर पानी भरा हुआ है, जिससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इस वजह से वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

जलभराव और गड्ढों के बीच निकल रहे वाहन

बता दें तेरही माफी मोड़ के पास सड़क की स्थिति खराब होने से स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कत हो रही है। जिसमें स्कूली वाहन, रोडवेज बस, मोटरसाइकिल, कार, ई-रिक्शा, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य वाहन पानी और गड्ढों के बीच से गुजरने को मजबूर हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि, सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव के कारण कई बार वाहन असंतुलित होकर पलटने की स्थिति में पहुंच जाते हैं। इसके अलावा, जाम लगने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

चेयरमैन ने ईओ पर लगाए लापरवाही के आरोप

नगर पंचायत तिंदवारी की चेयरमैन सुधा साहू ने समस्या को लेकर अधिशासी अधिकारी (ईओ) लल्लनराम यादव पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। जिसमें चेयरमैन का कहना है कि बरसात के दौरान उन्होंने कई बार पंपसेट लगवाकर सड़क पर भरे पानी को निकलवाया है। साथ ही, उनका कहना है इस समस्या की जानकारी ईओ को कई बार दी गई, लेकिन इसके बावजूद भी स्थायी समाधान नहीं किया गया। जिसके बाद सुधा साहू ने मांग की है कि जनहित में समस्या का जल्द समाधान कराया जाए। साथ ही, उन्होंने ईओ को तिंदवारी नगर पंचायत से हटाने की भी मांग उठाई है। ऐसे में चेयरमैन का कहना है, तेरही माफी मोड़ से करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।

मौके पर पहुंचे ईओ, स्थायी समाधान की मांग

मिली जानकारी के मुताबिक, दोपहर में ईओ लल्लनराम यादव मौके पर पहुंचे। चेयरमैन का कहना है समस्या का निरीक्षण करने के बाद ईओ बिना कुछ बताए वहां से चले गए। जिसमें स्थानीय निवासी राजेंद्र द्विवेदी, संदीप गुप्ता, प्रकाश, रामप्रकाश प्रजापति, गुड्डू, युसुफ खान और रजनीश पटेल सहित अन्य लोगों ने भी जलभराव और सड़क पर बने गड्ढों को लेकर चिंता जताई। जिसमें उनका यह भी कहना है कि इस स्थिति में स्कूली वाहनों और एंबुलेंस समेत कई जरूरी वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है। जिससे स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाइवे की जल्द मरम्मत कराने, नाले की सफाई और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।

ये भी पढ़ें: https://www.upkibaat.com/sonbhadra-vindhya-expressway-protest-farmers-panchayat-latest-news/

Exit mobile version