Site icon UP की बात

आजम खान का ओवैसी पर तीखा हमला, 400 सीटों के दावे पर कसा तंज

आजम खान का ओवैसी पर तीखा हमला

आजम खान का ओवैसी पर तीखा हमला

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) से पहले सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। बता दें समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए यूपी की 400 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे पर सवाल उठाए हैं। आजम खान ने तंज कसते हुए कहा कि जिनके अपने राज्य में केवल चार विधायक हैं, वे उत्तर प्रदेश की 400 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं। उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद को अक्ल से काम लेने की नसीहत भी दी।

ओवैसी के चुनावी दावे पर आजम खान का तंज

जमानत पर जेल से बाहर आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव आजम खान ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा। जिसमें उन्होंने ओवैसी की पार्टी के विधायकों की संख्या का जिक्र करते हुए कहा कि जिनके अपने राज्य में चार विधायक हैं, वे यूपी की 400 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं।

आजम खान का कहना है कि वह ओवैसी के हौसले की कद्र करते हैं। वे फौलाद से बने हैं और शेर हैं। हालांकि, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले अपनी चार सीटों को पांच तो कर लीजिए। आजम ने ओवैसी और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को भी नसीहत दी कि दोनों नेताओं को अक्ल से काम लेना चाहिए।

आजम बोले- अपनी हदों में रहें नेता

आजम खान ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि बात निकलेगी तो बहुत दूर तक जाएगी। इसलिए नेताओं को अपनी हदों में रहना चाहिए और दूसरों की तकदीरों से नहीं खेलना चाहिए। उनके इस बयान को यूपी की आगामी विधानसभा चुनावी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा’ बयान पर जताई नाराजगी

इंटरव्यू में आजम खान ने ‘अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा’ वाली टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि अब्दुल अल्लाह का नाम है। अब्दुल करीम, अब्दुल रहीम और अब्दुल रज्जाक जैसे नामों का जिक्र करते हुए उन्होंने इस तरह की बयानबाजी करने वालों से माफी मांगने की बात कही।

यूपी में 400 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

दरअसल, यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी ने गठबंधन किया है। दोनों दलों ने प्रदेश की सभी 400 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया गया है। वहीं, ओवैसी लगातार अपने चुनावी भाषणों में समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेते रहे हैं। वे मुस्लिम समाज से अपना राजनीतिक नेतृत्व तैयार करने की अपील करते हैं। ऐसे में आजम खान का यह बयान यूपी की सियासत में नई चर्चा को जन्म दे सकता है।

ये भी पढ़ें: प्रयागराज में माघ मेला 2027 की तैयारियां हुई शुरू, भूमि पूजन हुआ संपन्न

 

Exit mobile version