ग्रेटर नोएडा: इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में उत्तर प्रदेश आयुष विभाग के स्टॉल ने शानदार प्रदर्शन किया। हॉल-4 में विभाग के स्टॉल को Best Display Stand का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस सम्मान के जरिए प्रदेश में आयुष चिकित्सा, अनुसंधान और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
आयुष चिकित्सा और नवाचार की दी गई जानकारी
आयुष विभाग के स्टॉल पर आने वाले लोगों को आयुष चिकित्सा पद्धतियों के साथ सुरक्षित एवं मानकीकृत औषधि निर्माण और गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। स्टॉल पर अनुसंधान, नवाचार और आयुर्वेद के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा आयुर्वेद, योग और पंचकर्म जैसी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य पद्धतियों के बारे में भी आगंतुकों को जानकारी उपलब्ध कराई गई। आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने की संभावनाओं को भी प्रस्तुति का हिस्सा बनाया गया।
वेलनेस टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर
स्टॉल के माध्यम से उत्तर प्रदेश को वेलनेस टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी सामने रखा गया। गुणवत्तापूर्ण, साक्ष्य आधारित और शोधपरक आयुर्वेदिक उपचार को प्रोत्साहित करने की जानकारी आगंतुकों को दी गई। आयुष चिकित्सकों ने स्टॉल पर पहुंचने वाले लोगों की नाड़ी परीक्षा भी की और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। इसके साथ ही आयुर्वेदिक आहार-विहार, दिनचर्या और ऋतुचर्या के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से संबंधित व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए गए।
अधिकारियों ने संभाली स्टॉल की जिम्मेदारी
आयुष विभाग के उप निदेशक डॉ. राम कृपाल, गौतमबुद्ध नगर की क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. बंदना रानी, गाजियाबाद के क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अशोक राणा और जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल ने स्टॉल पर आगंतुकों का स्वागत किया। अधिकारियों ने लोगों को प्रदेश में आयुष चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चल रहे कार्यों और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी।
चिकित्सकों और कर्मचारियों ने निभाई अहम भूमिका
ट्रेड शो के दौरान गौतमबुद्ध नगर के आयुष विभाग से जुड़े चिकित्साधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। टीम ने स्टॉल के संचालन, आगंतुकों के मार्गदर्शन और विभाग की योजनाओं व गतिविधियों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में भूमिका निभाई। विभाग के अनुसार, Best Display Stand का सम्मान आयुर्वेद और होम्योपैथी से जुड़ी टीम के समन्वित प्रयास और स्टॉल की प्रभावी प्रस्तुति का परिणाम है। ट्रेड शो में मिले इस सम्मान से आयुष क्षेत्र से जुड़ी प्रदेश की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

