Uttar Pradesh News: अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम तक चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस (Saryu Kamla Express) का आज उद्घाटन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या रेलवे स्टेशन से ट्रेन को रवाना करेंगे।
अयोध्या से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी ट्रेन
जानकारी के लिए बता दें उत्तर प्रदेश के अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच रेल संपर्क शुरू होने जा रहा है। सोमवार को सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन किया जाएगा। जिसमें यह ट्रेन अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे नेपाल के लिए रवाना होगी। उद्घाटन कार्यक्रम दिल्ली और अयोध्या में आयोजित होगा। दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ट्रेन को रवाना करेंगे।
ऐसे में स्पेशल ट्रेन नंबर 04295 अयोध्या से चलकर मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हाल्ट, मधुबनी और जयनगर होते हुए अगले दिन सुबह 10 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे जनकपुरधाम से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:10 बजे अयोध्या पहुंचेगी। नियमित संचालन के लिए पूर्व मध्य रेलवे अलग से अधिसूचना जारी करेगा। नियमित ट्रेन का नंबर 15595/15596 निर्धारित किया गया है।
ट्रेन में होंगे एसी और स्लीपर कोच
सरयू-कमला एक्सप्रेस (Saryu Kamla Express) में यात्रियों की सुविधा के लिए सात स्लीपर, तीन एसी थ्री टियर और दो एसी टू टियर कोच लगाए जाएंगे। इसके अलावा पावर कार, गार्ड कोच और एसएलआरडी कोच भी शामिल होंगे। वहीं टिकट की बुकिंग IRCTC की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और रेलवे आरक्षण केंद्रों से की जा सकेगी। यात्रियों को टिकट के साथ पहचान पत्र रखना अनिवार्य होगा। भारतीय और नेपाली नागरिक वैध पहचान पत्र के साथ यात्रा कर सकेंगे।
तत्काल टिकट और कई कोटा की सुविधा नहीं
इस ट्रेन में तत्काल और प्रीमियम तत्काल टिकट की सुविधा नहीं मिलेगी। वरिष्ठ नागरिक रियायत, महिला और वीआईपी कोटा भी लागू नहीं होंगे। रेलवे पास, मानार्थ पास और मिलिट्री वारंट से भी यात्रा नहीं की जा सकेगी।
भारत-नेपाल के धार्मिक संबंध होंगे मजबूत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच सीधी रेल सेवा को भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या और जनकपुर का संबंध भगवान श्रीराम और माता जानकी की साझा विरासत से जुड़ा है। इस रेल सेवा से दोनों देशों के लोगों को यात्रा में सुविधा मिलेगी और धार्मिक, सांस्कृतिक तथा सामाजिक रिश्ते और मजबूत होंगे।
ये भी पढ़ें: यूपी समेत पांच राज्यों में 15 जनवरी को चुनाव का ऐलान संभव

