उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना रविवार को आज़मगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक आलमबदी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।श्रद्धांजलि देने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने आलमबदी के साथ जुड़े अपने लंबे संसदीय अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे करीब 30 वर्षों तक विधानसभा के सदस्य रहे और पूरे राजनीतिक जीवन में सदन की गरिमा एवं मर्यादा का हमेशा सम्मान किया।
सतीश महाना ने बताया कि विधायक के निधन की सूचना मिलने के बाद वे अगले ही दिन आज़मगढ़ आना चाहते थे, लेकिन अपरिहार्य कारणों से ऐसा संभव नहीं हो सका। उन्होंने उस समय समाजवादी पार्टी के विधायक दुर्गा प्रसाद यादव और दिवंगत विधायक के पुत्र से फोन पर बातचीत कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की थीं।
उन्होंने कहा कि आलमबदी का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, सौम्य और विनम्र था। वे कभी किसी विवाद का हिस्सा नहीं बने और हमेशा विधायक पद की गरिमा के अनुरूप कार्य किया। महाना ने कहा, “जीवन की लंबाई नहीं, बल्कि उसे किस प्रकार जिया गया, यही किसी व्यक्ति की सबसे बड़ी पहचान होती है।”
विधानसभा अध्यक्ष के आगमन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान दुर्गा प्रसाद यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी दिवंगत विधायक आलमबदी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।

