लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से प्रदेश में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को गति दी जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को वाराणसी में 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की 300 बालिकाओं तथा चंदौली पुलिस लाइन में 300 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। इस प्रकार एक ही दिन में कुल 600 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया।
इसके साथ ही चंदौली जिले के आदिवासी एवं जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाली 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की 20,316 बालिकाओं के निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान की भी शुरुआत कर दी गई है।
यह अभियान 4 फरवरी 2026 को जन भवन, लखनऊ में जन भवन और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, पुणे के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत संचालित किया जा रहा है। इस समझौते के अनुसार प्रदेश के आठ आकांक्षी जिलों की 1.50 लाख बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की कुल 3 लाख निःशुल्क डोज उपलब्ध कराई जाएंगी। चंदौली भी इन आकांक्षी जिलों में शामिल है।
टीकाकरण के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बालिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने वाला एक प्रभावी और सुरक्षित सुरक्षा कवच है। उन्होंने बालिकाओं और उनके अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रांति या अनावश्यक आशंकाओं पर ध्यान न दें और समय पर अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं।
राज्यपाल ने कहा कि वैज्ञानिक शोधों से यह सिद्ध हो चुका है कि एचपीवी वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में सुरक्षित और प्रभावी है। उन्होंने समाज से बेटा-बेटी के बीच भेदभाव की मानसिकता समाप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ बेटी ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत आधारशिला है।
उन्होंने समाज के सक्षम नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग और आर्थिक भागीदारी की अपील की, ताकि प्रदेश की कोई भी बेटी इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।

