Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को आम लोगों तक पहुंचाने के मुख्या उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर में 21 नवंबर को प्रसिद्ध साहित्यिक कृति ‘आनंदमठ’ (Anandamath) पर आधारित नाटक का मंचन किया जाएगा। यह कार्यक्रम गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के मुख्य ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। बता नाटक का मंचन शाम 5 बजे शुरू होगा। इस आयोजन में जिले के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के भी शामिल होने की संभावना है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें यह खास कार्यक्रम भारतेंदु नाट्य अकादमी, संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश, जिला प्रशासन गौतमबुद्धनगर और गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य रंगमंच के माध्यम से लोगों को भारतीय इतिहास, राष्ट्रीय चेतना और साहित्यिक विरासत से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री योगी की घोषणा के तहत हो रहे आयोजन
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतेंदु नाट्य अकादमी के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में ऐतिहासिक नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्रीय विभूतियों और प्रसिद्ध साहित्यिक रचनाओं पर आधारित नाटकों के मंचन की घोषणा की थी। इसी पहल के तहत अलग-अलग जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गौतमबुद्धनगर में इसी कड़ी में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की प्रसिद्ध साहित्यिक कृति ‘आनंदमठ’ पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इस प्रस्तुति के जरिए दर्शकों को भारतीय इतिहास और राष्ट्रभावना से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को समझने का अवसर मिलेगा।
युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ेगा भारतीय साहित्य से
बता दें इस आयोजन का एक प्रमुख उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े प्रसंगों से परिचित कराना है। खासतौर पर युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय साहित्य, सांस्कृतिक चेतना और महापुरुषों के योगदान को समझने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार, इस तरह के आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कहां और कब होगा कार्यक्रम?
‘आनंदमठ’ नाटक का मंचन 21 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा स्थित प्रेक्षागृह-01 (मुख्य ऑडिटोरियम) में होगा। जिला प्रशासन ने इस सांस्कृतिक आयोजन को लेकर जानकारी साझा की है।
ये भी पढ़ें: यूपी में PCS-J भर्ती का ऐलान, सिविल जज के 365 पदों पर सुनहरा मौका

