Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) को लेकर बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले महीने से उत्तर प्रदेश में चुनावी अभियान को गति दे सकते हैं। इसकी शुरुआत पूर्वांचल से होने की संभावना है। पार्टी का मकसद उन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करना है, जहां पिछले चुनावों में उसे चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर जिला और क्षेत्रीय स्तर तक नई रणनीति तैयार की जा रही है।
जानकारी के लिए बता दें बीजेपी इस बार चुनाव की घोषणा से काफी पहले अपनी कमजोरियों को दूर करने की तैयारी में है। अमित शाह को मिशन-2027 की रणनीति का प्रमुख चेहरा माना जा रहा है। उनके दौरे के दौरान संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों की समीक्षा की जाएगी।
403 विधानसभा सीटों पर तैनात होंगे 40 पर्यवेक्षक
बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों (403 Assembly Seats) पर संगठन को मजबूत करने के लिए 40 पर्यवेक्षकों की तैनाती की योजना बनाई है। प्रत्येक दो जिलों के बीच एक पर्यवेक्षक जिम्मेदारी संभालेगा। ये पर्यवेक्षक गांव-गांव जाकर चौपाल लगाएंगे और लोगों से संपर्क करेंगे। इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का काम भी करेंगे। पार्टी का जोर बूथ कमेटियों को सक्रिय करने और पन्ना प्रमुख व्यवस्था को मजबूत बनाने पर रहेगा। बीजेपी चाहती है कि चुनाव से पहले हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय टीम तैयार हो।
जातीय समीकरण और विपक्षी इलाकों पर नजर
उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातीय और सामाजिक समीकरणों की अहम भूमिका रहती है। ऐसे में बीजेपी अलग-अलग क्षेत्रों में मतदाताओं के रुझान और स्थानीय मुद्दों का आकलन करेगी। खासतौर पर उन सीटों पर ध्यान दिया जाएगा, जहां समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का प्रभाव अधिक है। पार्टी की कोशिश अपने पुराने वोट बैंक को मजबूत रखने के साथ नए सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की भी होगी।
अमित शाह के बाद दूसरे बड़े नेताओं के दौरे
बीजेपी की चुनावी रणनीति में केंद्रीय नेताओं की सक्रियता भी बढ़ाई जाएगी। अमित शाह के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर सकते हैं। इन प्रवासों के जरिए संगठन की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा।
सत्ता की हैट्रिक लगाने की तैयारी
बीजेपी का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करना है। इसके लिए पार्टी संगठन, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान पर एक साथ काम कर रही है। आने वाले महीनों में अमित शाह के दौरे और केंद्रीय नेताओं की सक्रियता से उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मी और बढ़ने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: आजम खान के बयान पर AIMIM का पलटवार, इटावा में बांटी बिरयानी

