Site icon UP की बात

नगर निगम में भ्रष्टाचार के आरोप, महापौर और अधिकारियों की जांच की मांग

फिरोजाबाद: नगर निगम फिरोजाबाद में कथित भ्रष्टाचार, विकास कार्यों में अनियमितताओं, जातीय भेदभाव और सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर अब विरोध तेज हो गया है। कांच एवं चूड़ी मजदूर सभा तथा नगर निगम भ्रष्टाचार मिटाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजकर नगर निगम की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नगर निगम में विकास कार्य पारदर्शिता के बजाय पक्षपातपूर्ण तरीके से कराए जा रहे हैं। शासन से मिलने वाली वित्तीय धनराशि का दुरुपयोग हो रहा है और अच्छी सड़कों पर ही बार-बार कार्य कराए जा रहे हैं, जबकि कई वार्ड मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि नगर निगम सदन और मितव्ययता सदन के अधिवेशन नियमों के अनुसार नहीं बुलाए जाते और कार्यवाही भी पारदर्शी ढंग से संचालित नहीं होती। साथ ही जलकल विभाग और कार्यशाला में कथित रूप से फर्जी व ऊंची दरों के कोटेशन के माध्यम से सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।

विरोध करने वाले संगठनों ने महापौर कामिनी राठौर और ठेकेदारों के बीच सांठगांठ की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की आय से अधिक संपत्तियों की जांच कराने की भी मांग उठाई गई है।
ज्ञापन में कहा गया कि नगर निगम की कार्यशैली से आहत होकर भाजपा पार्षद नरेश चंद शर्मा उर्फ नीटू शर्मा और मुनेन्द्र यादव पहले ही मुंडन करा चुके हैं। वहीं वार्ड नंबर-6 की पार्षद उषा देवी शंखवार ने भी विरोध स्वरूप मुंडन कराकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी।

ज्ञापन में 10 प्रमुख मांगें रखी गई हैं, जिनमें नगर निगम के विकास कार्यों की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई, सभी वार्डों में समान विकास, नियमित सदन बैठकें, जलकल विभाग में कोटेशन आधारित कार्यों पर रोक और संबंधित मामलों में मुकदमा दर्ज कराने की मांग शामिल है।

संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 1 जून को गांधी पार्क में सांकेतिक धरना दिया जाएगा। इसके बाद 6 जून 2026 को साइकिल और मोटरसाइकिल यात्रा निकालकर लखनऊ पहुंचेंगे तथा मुख्यमंत्री को पार्षद उषा देवी शंखवार के कटे हुए केश भेंट कर नगर निगम की स्थिति से अवगत कराया जाएगा। ज्ञापन में रामदास सहित कई लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version