UP Politics : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने कन्नौज के एक दिवसीय दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के नाम पर विनाश हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि वास्तविक विकास गिना जाए तो वह समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में हुआ था, जबकि वर्तमान सरकार के एजेंडे में न तो रोजगार है और न ही किसान।
अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि सरकार ने आलू खरीदने का वादा किया था, लेकिन एक किलो भी आलू नहीं खरीदा गया, जिससे मंडी व्यवस्था चौपट हो गई है। उन्होंने बीजेपी पर यह भी आरोप लगाया कि वह देशहित में निर्णय लेने में असफल रही है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के मित्र देशों की संख्या कम होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी की नीतियों के कारण देश में आर्थिक और सामाजिक असंतुलन बढ़ा है। एनआरसी और अन्य मुद्दों को लेकर उन्होंने सरकार पर समाज को जोड़ने के बजाय तोड़ने का आरोप लगाया। स्मार्ट मीटर योजना पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने इसे लागू किया, वही अब इसके खिलाफ बोल रहे हैं और आम जनता इससे परेशान है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट चुकी है और कन्नौज की सभी सीटों पर जीत का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

