Site icon UP की बात

आंधी-बारिश और वज्रपात को लेकर प्रशासन अलर्ट, गांव-गांव चलाया जागरूकता अभियान

सोनभद्र जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज और तेज आंधी, बारिश तथा वज्रपात की संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौर स्वयं हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से गांव-गांव और नगर क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि संभावित प्राकृतिक आपदा से जनहानि को रोका जा सके।

जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न माध्यमों से लोगों तक सुरक्षा संबंधी संदेश पहुंचाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में डुगडुगी बजवाकर लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी जा रही है। वहीं नगर निकायों के कूड़ा उठान वाहनों पर लगे लाउडस्पीकरों के माध्यम से भी लगातार चेतावनी और सुरक्षा संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

इसके अलावा डायल-112 वाहनों और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि आंधी-बारिश और बिजली गिरने की आशंका के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें।

जिलाधिकारी चर्चित गौर ने बताया कि संदेशों को संक्षिप्त और स्पष्ट रखा गया है ताकि आमजन उन्हें आसानी से समझ सकें और बार-बार सुनने से अधिक सतर्क रहें। उन्होंने विशेष रूप से लोगों से पेड़ों के नीचे न रुकने, खुले स्थानों पर न जाने और नदियों व जलाशयों के किनारे जाने से बचने की अपील की है।

प्रशासन ने आपदा राहत एवं बचाव टीमों को भी अलर्ट मोड में रखा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Exit mobile version