नोएडा। सेक्टर-126 थाना क्षेत्र के सेक्टर-94 स्थित स्पायरा बिल्डिंग में 3 अक्टूबर 2026 को एक युवक की मौत का मामला सामने आया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
एक दिन के लिए कमरे में ठहरा था युवक
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान संभव जैन, निवासी आईएमटी मानेसर, गुरुग्राम के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक स्पायरा बिल्डिंग स्थित एक कमरे में एक दिन के लिए अकेले ठहरा था। पुलिस को सूचना मिली कि युवक कमरे की बालकनी से नीचे गिर गया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही थाना सेक्टर-126 पुलिस के साथ पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी जांच के दायरे में लिया है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के दौरान युवक के मानसिक तनाव में होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि घटना के कारणों को लेकर पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले में उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

