कुशीनगर। हाटा स्थित सहकारी गन्ना विकास समिति में आयोजित सर्वे-सट्टा प्रदर्शन एवं सुधार मेले का बुधवार को समापन हो गया। 22 सितंबर से चले इस अभियान में किसानों को गन्ने से जुड़े सर्वे, सट्टा, आधार, मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी में सुधार कराने की सुविधा दी गई। मेले के दौरान कुल 518 शिकायतों का समाधान किया गया।
518 शिकायतों का हुआ समाधान
मेले में किसानों ने अपने गन्ना अभिलेखों से संबंधित विभिन्न समस्याएं दर्ज कराईं। समिति सचिव सुरेंद्र के अनुसार, अभियान के दौरान 136 नए सदस्यों को जोड़ा गया। वहीं 17 आधार नंबर, 73 मोबाइल नंबर और 11 बैंक खातों से संबंधित विवरण में संशोधन किया गया। इसके अलावा 286 सट्टा परिवर्तन और 131 सर्वे संबंधी मामलों में सुधार कराया गया। समिति की ओर से किसानों को अभिलेखों में किसी भी तरह की त्रुटि होने पर समय रहते उसे ठीक कराने की सलाह दी गई।
छोटे किसानों की पर्ची प्राथमिकता से जारी करने की मांग
समिति के चेयरमैन विवेक सिंह उर्फ बंटी भैया ने छोटे और सीमित जोत वाले गन्ना किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने चीनी मिल प्रबंधन से मांग की कि छोटे किसानों को गन्ना आपूर्ति के लिए पर्चियां प्राथमिकता के आधार पर जारी की जाएं। उनका कहना है कि समय पर पर्ची मिलने से छोटे किसानों को गन्ने की आपूर्ति करने में सुविधा होगी और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
किसानों से अभिलेख दुरुस्त कराने की अपील
समिति चेयरमैन ने किसानों से अपील की कि वे सर्वे-सट्टा के साथ अपने आधार, मोबाइल नंबर और बैंक खाते से संबंधित विवरण की जांच कर लें। किसी भी प्रकार की गलती मिलने पर संबंधित समिति को समय रहते इसकी जानकारी देकर रिकॉर्ड में सुधार कराया जा सकता है। उन्होंने खराब फसल की स्थिति में किसानों को राहत और मुआवजे की व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठाई।

