आजमगढ़ में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के सफल और निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में परीक्षा आयोजित होगी। जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 6,432 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
नकलविहीन परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम
डीएम ने अधिकारियों को आयोग और शासन के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
हर केंद्र पर होगी मजिस्ट्रेट और सुरक्षा बल की तैनाती
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को परीक्षा से पहले केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।
सीसीटीवी निगरानी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, निर्बाध बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, पेजर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता-2023 और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

