लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पुलिस सिपाही भर्ती-2025 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर कुल 32,679 रिक्तियों के सापेक्ष चयनित अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दी गई है। इसके साथ ही भर्ती की कटऑफ से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।
32,679 रिक्त पदों के लिए पूरी हुई चयन प्रक्रिया
बोर्ड की ओर से 31 दिसंबर 2025 को जारी विज्ञप्ति संख्या पीआरपीबी-बी (आरक्षी पीएसी एवं अन्य संवर्ग) 07/2025 के तहत इन पदों पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) तथा शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) शामिल रही।
मेरिट और अभ्यर्थियों की वरीयता के आधार पर चयन
अंतिम चयन सूची तैयार करने में अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा के सामान्यीकृत अंकों (Normalised Score), श्रेष्ठताक्रम (Order of Merit) और आवेदन पत्र में दर्ज पदों की वरीयता (Order of Preferences) को आधार बनाया गया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश शासन की आरक्षण नीति के प्रावधानों के अनुरूप रिक्त पदों के सापेक्ष चयन किया गया है।
सामान्य वर्ग के 6,685 अभ्यर्थियों का चयन
भर्ती परिणाम से जुड़ी जानकारी के अनुसार, सामान्य वर्ग के 6,685 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। अभ्यर्थी अपने चयन की स्थिति और अंतिम परिणाम से संबंधित विवरण बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से देख सकते हैं।
नवंबर के तीसरे सप्ताह में जारी होंगे सामान्यीकृत अंक
बोर्ड ने बताया है कि लिखित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के सामान्यीकृत अंकों का प्रदर्शन नवंबर के तीसरे सप्ताह में वेबसाइट पर किया जाएगा। इन अंकों को देखने की प्रक्रिया के संबंध में अलग से विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
ऐसे देखें अपना फाइनल रिजल्ट
अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अंतिम चयन परिणाम से संबंधित लिंक खोल सकते हैं। इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करके परिणाम देख सकते हैं।
आधिकारिक वेबसाइट: uppbpb.gov.in

