उत्तर प्रदेश सरकार ने होली से पहले प्रदेश के करीब 17 लाख सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के निर्देश पर होली पर्व के अवसर पर तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है। 1 मार्च को रविवार होने के कारण कर्मचारियों को 1 से 4 मार्च तक लगातार चार दिन की छुट्टी मिलेगी।
2, 3 और 4 मार्च को होली अवकाश
सरकारी आदेश के अनुसार, प्रदेश में 2 मार्च (सोमवार), 3 मार्च (मंगलवार) और 4 मार्च (बुधवार) को होली का अवकाश रहेगा। वहीं 1 मार्च रविवार होने से यह छुट्टियां स्वतः जुड़ जाएंगी। इस तरह कर्मचारियों को होली पर चार दिन का लंबा ब्रेक मिलेगा।
28 फरवरी रहेगा कार्यदिवस
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि 28 फरवरी (शनिवार) को कार्यदिवस घोषित किया गया है। इस दिन सभी सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे और नियमित कार्य संपन्न होंगे।
होली से पहले हर हाल में सैलरी देने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि होली से पहले सभी कर्मचारियों को वेतन और मानदेय का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इसमें नियमित कर्मचारी ही नहीं, बल्कि आउटसोर्सिंग कर्मी, संविदाकर्मी और सफाईकर्मी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विदेश दौरे से लौटते ही जारी किए आदेश
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाल ही में सिंगापुर और जापान के विदेश दौरे से गुरुवार देर रात लौटे हैं। वापसी के तुरंत बाद उन्होंने अधिकारियों को होली से पहले सैलरी भुगतान और अवकाश से जुड़े निर्देश जारी किए।
शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों को पहले ही मिल चुका बड़ा तोहफा
होली से पहले योगी सरकार शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों को भी बड़ा तोहफा दे चुकी है। सरकार ने 1.70 लाख शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में भारी बढ़ोतरी की है। अब शिक्षा मित्रों को 18 हजार रुपये और अनुदेशकों को 17 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इससे पहले शिक्षा मित्रों को 10 हजार और अनुदेशकों को 9 हजार रुपये दिए जा रहे थे। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा था कि पूर्ववर्ती सपा सरकार के दौरान शिक्षा मित्रों को मात्र 3 हजार रुपये मिलते थे। वर्ष 2017 में उनकी सरकार ने इसे बढ़ाकर 10 हजार किया और अब महंगाई को देखते हुए एक साथ 8 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग में 75 हजार नई भर्तियों की भी घोषणा की थी।

