Site icon UP की बात

यूपी चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव, कांग्रेस को 26 सीटें

यूपी चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव

यूपी चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत शुरू हो गई है। जिसमें दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर दूसरे दौर की चर्चा जारी है। इस बीच सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने सीटों के बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है। इस प्रस्ताव में कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ माने जाने वाले रायबरेली की एक भी सीट शामिल नहीं है। वहीं, अमेठी की सिर्फ एक सीट कांग्रेस को देने की पेशकश की गई है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का रखा प्रस्ताव

रामगोपाल यादव के मुताबिक, सीटों का प्रस्ताव पिछले चुनावों में दोनों पार्टियों के प्रदर्शन और वोटों के आधार पर तैयार किया गया है। जिसमें उन्होंने कहा कि कुछ सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी, जबकि कई सीटों पर पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी। इसके अलावा करीब 20 ऐसी सीटें भी प्रस्ताव में शामिल हैं, जहां सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को केवल 2 हजार वोट मिले थे। रामगोपाल यादव ने साफ कहना है कि कांग्रेस को उसकी चुनावी स्थिति और प्रदर्शन के आधार पर सीटें दी जाएंगी। जिन सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा है, उन्हें देना आसान नहीं होगा।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई 26 सीटों की लिस्ट

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूची के मुताबिक, सपा ने कांग्रेस को रामपुर खास और फरेंदा सीट देने का प्रस्ताव रखा है। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। वहीं मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर में कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी।

बाकी 20 सीटों में बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल बताई जा रही हैं। हालांकि, इस सूची की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस की कमजोर स्थिति

अमेठी और रायबरेली को लंबे समय तक गांधी परिवार का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र माना जाता रहा है। लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा था। अमेठी विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को केवल 14,080 वोट मिले थे, जबकि रायबरेली सीट पर पार्टी को 14,954 वोट मिले थे।

अमेठी में सपा और भाजपा के बीच मुकाबला रहा, जबकि रायबरेली की सीट पर भी कांग्रेस जीत हासिल नहीं कर सकी। ऐसे में सपा का 26 सीटों का प्रस्ताव कांग्रेस के लिए चुनौती बन सकता है। अब देखना होगा कि कांग्रेस इस प्रस्ताव को स्वीकार करती है या सीटों की संख्या और रायबरेली-अमेठी को लेकर अपनी मांग पर कायम रहती है।

ये भी पढ़ें: मेरठ जेल में मनेगा मुस्कान की बेटी का जन्मदिन, मिलेंगे खिलौने

 

 

Exit mobile version