बिहार में भारत तिवारी की हत्या के विरोध में उत्तर प्रदेश के इटावा में ब्राह्मण समाज महासभा के बैनर तले विशाल कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां और भारत तिवारी के पोस्टर लेकर शांतिपूर्ण श्रद्धांजलि यात्रा में भाग लिया।
प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में निकली श्रद्धांजलि यात्रा
यह कैंडल मार्च ब्राह्मण समाज महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अरुण दुबे के नेतृत्व में आयोजित किया गया। यात्रा में समाज की कई प्रमुख हस्तियों सहित हजारों लोग शामिल हुए। श्रद्धांजलि यात्रा इटावा शहर के बलराम सिंह चौराहे से शुरू होकर पक्का तालाब परिसर तक पहुंची।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने शांतिपूर्वक मार्च निकालकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
आरोपियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने भारत तिवारी की हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पक्का तालाब परिसर में भारत तिवारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

