Site icon UP की बात

“जिनकी प्रवृत्ति डकैती की थी, उन्होंने यूपी को भी अंधेरे में रखा” – टोक्यो में सीएम योगी का बड़ा बयान

टोक्यो/लखनऊ। जापान की राजधानी टोक्यो में प्रवासी भारतीय समुदाय के साथ संवाद करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के अतीत और वर्तमान की तुलना करते हुए तीखा लेकिन प्रेरक संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनकी प्रवृत्ति डकैती की थी, उन्होंने उत्तर प्रदेश को भी अंधेरे में रखा। लेकिन जब सरकार ने यह तय किया कि प्रदेश को भय और भ्रष्टाचार से मुक्त करना है, तो उसे उजाले में लाना अनिवार्य था। मुख्यमंत्री ने कहा, “हम सूर्यपुत्र हैं और हमें सूर्य जैसी रोशनी चाहिए। अंधेरे में काम करने वालों को उजाला कभी रास नहीं आता, इसलिए पहले न सड़कें थीं, न बिजली। लेकिन आज उत्तर प्रदेश उजाले की राह पर है।”

क्या उजाले में डकैती पड़ सकती है?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी का संकट था, सड़कें नहीं थीं और बिजली की आपूर्ति बाधित रहती थी। लोग कहते थे कि बिजली गायब रहती है। दरअसल, पूर्व की सरकारें अंधेरे में काम करने की आदी थीं, क्योंकि उनके सारे कार्य अंधेरे में ही होते थे।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “आप ही बताइए, क्या उजाले में डकैती पड़ सकती है? जब प्रवृत्ति डकैती की हो, तो अंधेरा जरूरी हो जाता है। इसलिए बिजली नहीं दी जाती थी।” मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने तय किया कि यदि प्रदेश को डकैती और भय से मुक्त करना है, तो उसे उजाले में लाना होगा। इसी सोच के साथ प्रदेश में व्यापक स्तर पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।

दंगों और कर्फ्यू से निकलकर उत्सवों का प्रदेश बना यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विकसित भारत का संकल्प साकार होता दिख रहा है। 25 करोड़ आबादी वाला उत्तर प्रदेश अब विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान दंगा, कर्फ्यू और अंधेरे से होती थी, लेकिन आज प्रदेश उत्सवों की पहचान बन चुका है।

ये सभी सकारात्मक परिवर्तन के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी और बिजली व्यवस्था में सुधार के बाद आज प्रदेश में ऐसा वातावरण बना है, जहां निवेशक बिना भय के निवेश कर रहे हैं।

वैश्विक निवेशकों का नया ठिकाना बना उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने कहा कि आज दुनिया भर के निवेशक उत्तर प्रदेश में- सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन हाइड्रोजन, लॉजिस्टिक्स पार्क, और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्टजैसे क्षेत्रों में निवेश कर रहे हैं। यह सब पहले सोचा भी नहीं जा सकता था। आज उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेश के नक्शे पर मजबूती से उभर चुका है।

भारत की शक्ति प्रभुत्व नहीं, मैत्री और करुणा है

मुख्यमंत्री ने भारतीय समुदाय को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाकुंभ, अयोध्या का भव्य राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास भारत की क्षमता और सामर्थ्य का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति किसी पर प्रभुत्व स्थापित करने में नहीं, बल्कि विश्व को मैत्री और करुणा के मार्ग पर ले जाने में है। “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” हमारी प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व में जहां भी भारतीय मूल के लोग संकट में होते हैं, भारत उनके साथ खड़ा रहता है। यही भारत की वैश्विक पहचान है।

प्रवासी भारतीयों से सीएम योगी की अपील

सीएम योगी ने बताया कि जापान में लगभग 55 हजार प्रवासी भारतीय निवास करते हैं। उन्होंने अपील की कि आप सभी एकजुट होकर जापान और भारत – दोनों के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा, “हमारी दिशा सही है, अब हमें अपनी गति और बढ़ानी है। आपके सकारात्मक सहयोग से भारत और उत्तर प्रदेश दोनों और आगे बढ़ेंगे।”

सूर्यवंश की परंपरा और सनातन जीवन दृष्टि

मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान को उगते सूरज की धरती कहा जाता है, जहां सूर्य की पहली किरण पड़ती है, जबकि भारत सूर्यपुत्र की भूमि है। भगवान श्रीराम सूर्यवंशी परंपरा में अवतरित हुए और भगवान बुद्ध ने उसी परंपरा को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों ने समय-समय पर मानवता को दिशा दी। रामराज्य की अवधारणा धर्म को केवल उपासना नहीं, बल्कि कर्तव्य से जोड़ती है, जो हमारी सनातन परंपरा का मूल है।

विरासत पर गर्व ही समाज को आगे बढ़ाता है

मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जाता है। 2017 से पहले अयोध्या में दीपावली का कोई विशेष आयोजन नहीं होता था, लेकिन दीपोत्सव की शुरुआत के साथ आज स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने बताया कि- पहले वर्ष 51 हजार दीपक जुटाना भी कठिन था, आज 25 से 30 लाख दीपक एक साथ प्रज्ज्वलित होते हैं। प्रयागराज महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। एक वर्ष में 156 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तर प्रदेश आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी विरासत पर गर्व ही समाज को आगे बढ़ाता है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता सीएम योगी का दिल

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें बेटियों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने मुख्यमंत्री को भावुक कर दिया। काशी की शास्त्रीय संगीत परंपरा, उत्तराखंड की जागर परंपरा में नंदा देवी की गाथा और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण की भावना से ओतप्रोत प्रस्तुति ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। मुख्यमंत्री ने इन बेटियों के साथ फोटो भी खिंचवाया। कार्यक्रम के दौरान पूरा सभागार ‘योगी-योगी’ के नारों से गूंज उठा।

प्रतिनिधिमंडल और राजदूत का आभार

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने साथ आए प्रतिनिधिमंडल-वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का परिचय प्रवासी भारतीयों से कराया। मुख्यमंत्री ने जापान में भारत की राजदूत नगमा मलिक और उनकी टीम का भी आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version