Site icon UP की बात

बिजनौर कारागार में रुकने में नहीं आ रहा कैदियों की मौत का सिलसिला

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिला कारागार में कैदियों की मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में आज फिर एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे जेल प्रशासन और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान मेरठ निवासी अरुण वर्मा के रूप में हुई है, जो 13 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामले में जेल में बंद था।

जेल प्रशासन के अनुसार, अरुण वर्मा की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। हालांकि, इस घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया और अन्य कैदियों में भी दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में भेज दिया गया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे मौत को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। वहीं, इससे पहले भी एक अन्य कैदी दीपक की मौत का मामला सामने आया था, जिसका शव जेल के मेडिकल वार्ड के पीछे आम के पेड़ पर लटका मिला था। उस घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम भी किया था।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक सप्ताह के भीतर दूसरी मौत ने जेल की स्थिति को लेकर कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया है।

इस पूरे मामले पर जब जेल अधीक्षका श्रीमती अदिति श्रीवास्तव से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन उठाना उचित नहीं समझा। हालांकि जेलर रविंद्र नाथ सिंह ने कैदी की मौत की पुष्टि करते हुए इसे हार्ट अटैक से हुई प्राकृतिक मृत्यु बताया है। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने भी घटना की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मामले की प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।

Exit mobile version